रायपुर, 15 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में बुधवार को नवनिर्मित प्रेक्षागृह का लोकार्पण राज्यपाल श्री रमेन डेका ने किया। इस अवसर पर आयोजित उत्कृष्टता अलंकरण समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा ने लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय गरिमा और अनुशासन की उत्कृष्ट परंपराएं स्थापित की हैं, जिनकी राष्ट्रीय स्तर पर सराहना होती है।

राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का मंदिर है, जहां जनप्रतिनिधि लोककल्याण के लिए कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा पक्ष और प्रतिपक्ष के बीच समन्वय, संवाद और स्वस्थ संसदीय परंपराओं के कारण देश की श्रेष्ठ विधानसभाओं में गिनी जाती है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा देश की पहली और एकमात्र ऐसी विधानसभा है, जहां गर्भगृह में किसी विधायक के प्रवेश करते ही वे स्वतः निलंबित हो जाते हैं। उन्होंने इसे संसदीय अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का अनूठा उदाहरण बताया।

मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि संसदीय पत्रकार लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनता के बीच मजबूत कड़ी का कार्य करते हैं। उन्होंने निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता की सराहना की।

उत्कृष्ट विधायक और पत्रकार सम्मानित

समारोह में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक और अकलतरा विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह को उत्कृष्ट विधायक अलंकरण से सम्मानित किया गया।

पत्रकारिता के क्षेत्र में दैनिक पत्रिका के संतराम साहू को उत्कृष्ट संसदीय पत्रकार अलंकरण प्रदान किया गया। वहीं IBC-24 के सौरभ सिंह परिहार और डॉ. राजेश राज को उत्कृष्ट इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रिपोर्टर अलंकरण से सम्मानित किया गया।

डॉ. रमन सिंह ने बताया लोकतंत्र की मिसाल

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि नवीन विधानसभा भवन के बाद प्रेक्षागृह का लोकार्पण विधानसभा के विकास की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि पक्ष और प्रतिपक्ष के बीच प्रदेशहित के मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा छत्तीसगढ़ विधानसभा की सबसे बड़ी विशेषता है।

अनूप जलोटा की भजन संध्या ने बांधा समां

समारोह के सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रख्यात भजन गायक अनूप जलोटा ने अपने लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, विधायक, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts