रायपुर, 3 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की विशेष पहल पर खरीफ-2026 के लिए प्रदेश में रासायनिक उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया गया है। 30 जून 2026 की स्थिति में राज्य में 13 लाख 16 हजार 506 मीट्रिक टन उर्वरकों का भंडारण किया जा चुका है। वहीं, मुख्यमंत्री के प्रयासों से जुलाई माह में 46,500 टन डीएपी (DAP) की अतिरिक्त आपूर्ति मिलने से किसानों को इस सीजन में खाद की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
सरकार के अनुसार, इस वर्ष का कुल उर्वरक भंडारण पिछले वर्ष की तुलना में 1.08 लाख मीट्रिक टन अधिक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण खाद उपलब्ध कराना केवल कृषि उत्पादन बढ़ाने का माध्यम नहीं, बल्कि किसान परिवारों की समृद्धि और प्रदेश की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
केंद्र सरकार ने खरीफ-2026 के लिए छत्तीसगढ़ को 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों का लक्ष्य आवंटित किया है। इसके मुकाबले 30 जून तक 13.16 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों का भंडारण किया जा चुका है। इसमें यूरिया, डीएपी, एनपीके, एमओपी और एसएसपी सहित सभी प्रमुख उर्वरक शामिल हैं।
प्रदेश में अब तक किसानों को 7 लाख 27 हजार 833 मीट्रिक टन उर्वरकों का वितरण किया जा चुका है। वहीं, 5 लाख 88 हजार 673 मीट्रिक टन उर्वरकों का शेष भंडार उपलब्ध है, जिससे आगामी मांग को भी आसानी से पूरा किया जा सकेगा।
सरकार के अनुसार, 30 जून 2025 तक प्रदेश में 12 लाख 25 हजार 929 मीट्रिक टन उर्वरकों का भंडारण था, जबकि इस वर्ष यह बढ़कर 13 लाख 16 हजार 506 मीट्रिक टन हो गया है। यानी करीब 90 हजार 577 मीट्रिक टन अधिक खाद का भंडारण सुनिश्चित किया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के किसी भी किसान को खाद के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए भंडारण, परिवहन और वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि खरीफ सीजन में किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध हो सके।


