रायपुर, 9 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य की स्कूली शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए शैक्षणिक वर्ष 2027-28 से नया शैक्षणिक सत्र 01 अप्रैल से 31 मार्च तक संचालित करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने लोक शिक्षण संचालनालय को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

वर्तमान में प्रदेश में 16 जून से 30 अप्रैल तक संचालित होने वाले शिक्षा सत्र को समाप्त कर दिया जाएगा। इसके स्थान पर अब देश के अन्य प्रमुख शिक्षा बोर्डों की तर्ज पर 01 अप्रैल से 31 मार्च तक नया शिक्षा सत्र लागू होगा। हालांकि ग्रीष्मकालीन अवकाश में कोई बदलाव नहीं किया गया है। 01 मई से 15 जून तक अवकाश पहले की तरह जारी रहेगा।

स्कूल शिक्षा विभाग ने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक वर्ष 01 अप्रैल को सत्र प्रारंभ होने के साथ ही शाला प्रवेश उत्सव, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण, सरस्वती सायकल योजना के तहत साइकिल वितरण, स्कूली गणवेश (यूनिफॉर्म) तथा अन्य छात्रहितैषी योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों को उपलब्ध कराया जाए।

सरकार का मानना है कि नई व्यवस्था लागू होने से विद्यार्थियों को सत्र के पहले दिन से ही पढ़ाई के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध होगी। इससे शिक्षण व्यवस्था अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण बनेगी तथा छात्रों का शैक्षणिक समय भी बेहतर ढंग से उपयोग हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts