रायपुर, 30 जून 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में उनके निवास कार्यालय में उच्च स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2018-19 एवं 2019-20 के लिए प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के बाद 20 अलग-अलग खेलों के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन को अंतिम मंजूरी दी गई। बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में स्वीकृत 156 खिलाड़ियों की सूची अब सामान्य प्रशासन विभाग को भेजी जाएगी। विभाग द्वारा अधिसूचना जारी होने के बाद चयनित खिलाड़ियों की शासकीय सेवा में नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी। लंबे समय से इस निर्णय का इंतजार कर रहे खिलाड़ियों के लिए यह बड़ी राहत मानी जा रही है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के लिए पारदर्शी, समयबद्ध और प्रोत्साहन आधारित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पात्र खिलाड़ियों को नियमानुसार सरकारी सेवा में नियुक्ति दिलाने के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं तेजी से पूरी की जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चयनित खिलाड़ियों का अनुभव और उपलब्धियां प्रदेश की नई खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी सेवाओं का उपयोग खेल प्रशिक्षण, प्रतिभा संवर्धन और युवा खिलाड़ियों के मार्गदर्शन में किया जाएगा, जिससे प्रदेश में खेल संस्कृति को और मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल खिलाड़ियों को सम्मान देना नहीं, बल्कि गांव से लेकर राज्य स्तर तक मजबूत खेल व्यवस्था विकसित करना है। इसके लिए प्रतिभाओं की समय पर पहचान, आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर संसाधन और प्रतिस्पर्धात्मक अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल अधोसंरचना, आधुनिक सुविधाओं और नई खेल अकादमियों के विकास पर लगातार कार्य किया जा रहा है। सरकार ऐसे खिलाड़ियों को तैयार करना चाहती है जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करें। उन्होंने विश्वास जताया कि चयनित खिलाड़ी भविष्य में नई पीढ़ी को प्रशिक्षित कर प्रदेश में खेल संस्कृति को नई ऊंचाई देंगे।
बैठक में जानकारी दी गई कि राज्य में अब तक 182 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को घोषित किया जा चुका है। इसी क्रम में वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए प्राप्त आवेदनों के परीक्षण के बाद 156 खिलाड़ियों को पात्र पाया गया।
बैठक में वन मंत्री केदार कश्यप, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनुजा सलाम सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


