रायपुर, 30 जून 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपने सरगुजा प्रवास के दौरान उदयपुर विकासखंड स्थित रामगढ़ के फॉरेस्ट रेस्ट हाउस ‘राम वाटिका’ में स्थापित भगवान श्री राम की प्रतिमा को नमन कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ अभियान के अंतर्गत रुद्राक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान मातृशक्ति और प्रकृति के प्रति श्रद्धा, सम्मान एवं आत्मीय जुड़ाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि माँ के नाम पर लगाया गया एक पौधा केवल वृक्षारोपण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों का सामना करने और प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।

भगवान श्री राम की प्रतिमा के समक्ष श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्री राम का जीवन मर्यादा, सत्य, त्याग और कर्तव्यपरायणता का सर्वोच्च आदर्श है। उनके आदर्श आज भी समाज और मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने लोगों से भगवान श्री राम के आदर्शों पर चलते हुए सेवा, सद्भाव और समर्पण की भावना के साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts