दुर्ग, 04 जून 2026

दुर्ग जिले में रिश्वतखोरी के आरोपों से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। पुरानी भिलाई थाने में पदस्थ सब-इंस्पेक्टर तुलसीराम साहू और खुर्सीपार थाने के SI देव लाल साहू को निलंबित कर रक्षित केंद्र अटैच कर दिया गया है। दोनों पर NDPS मामले में गिरफ्तार महिला को छोड़ने के बदले पैसों की मांग करने का आरोप है।

मामला तब सामने आया जब आरोपी पक्ष से कथित रिश्वत मांगने का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। शुरुआती जांच में दोनों अधिकारियों की मिलीभगत सामने आने पर SSP विजय अग्रवाल ने तत्काल निलंबन की कार्रवाई की।

गिरफ्तार महिला रज्जी कौर की बेटी जसबीर कौर का आरोप है कि SI तुलसीराम साहू ने उसकी मां को छोड़ने के लिए 50 हजार रुपए मांगे थे। जसबीर ने दावा किया कि बातचीत की पूरी रिकॉर्डिंग उसके पास मौजूद है। उसने यह भी आरोप लगाया कि साइबर क्राइम से जुड़े कुछ लोगों ने मामले को रफा-दफा करने के लिए 2 लाख रुपए की मांग की थी।

जसबीर के मुताबिक, बातचीत के दौरान यह भी कहा गया कि मांगी गई रकम का हिस्सा सीनियर अधिकारियों तक पहुंचाना होगा। उसने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, संबंधित स्थानों के CCTV फुटेज खंगालने और सभी जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

दुर्ग पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छावनी नगर पुलिस अधीक्षक को 3 दिन के भीतर प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts