26 मई 2026 | मैसुरु

अभिनेता रणवीर सिंह इन दिनों ‘डॉन 3’ विवाद और ‘कांतारा’ मिमिक्री मामले को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। इसी बीच मंगलवार को रणवीर सिंह मैसुरु स्थित प्रसिद्ध चामुंडेश्वरी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने देवी मां के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। बताया जा रहा है कि कर्नाटक हाई कोर्ट के निर्देश के बाद अभिनेता मंदिर पहुंचे और देवी चामुंडेश्वरी के चरणों में माथा टेककर बिना शर्त माफी मांगी। मंदिर पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

हाई कोर्ट ने पूजा और माफी के दिए थे निर्देश

जानकारी के अनुसार नवंबर 2025 में गोवा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के दौरान रणवीर सिंह ने फिल्म ‘कांतारा’ के चर्चित दैव सीन की मिमिक्री की थी। इस दौरान उन्होंने दैव को ‘फीमेल घोस्ट’ कह दिया था, जिसके बाद कन्नड़ भाषी समुदाय और कई संगठनों ने इसका विरोध किया। मामला अदालत तक पहुंचा, जहां कर्नाटक हाई कोर्ट ने अभिनेता को चार सप्ताह के भीतर चामुंडेश्वरी मंदिर जाकर पूजा करने और बिना शर्त माफी मांगने के निर्देश दिए थे।

मंदिर पहुंचने तक मास्क में नजर आए रणवीर

‘डॉन 3’ विवाद के बीच रणवीर सिंह को मंगलवार सुबह एयरपोर्ट पर भी स्पॉट किया गया था, हालांकि उनकी यात्रा को गोपनीय रखा गया। बताया गया कि मंदिर के गर्भगृह तक पहुंचने तक अभिनेता मास्क पहनकर रहे। मंदिर पहुंचने के बाद उन्होंने पूजा-अर्चना की और हाई कोर्ट के निर्देशों का पालन किया।

‘डॉन 3’ विवाद और FWICE बैन से भी चर्चा में अभिनेता

हाल ही में रणवीर सिंह ‘डॉन 3’ से आखिरी समय पर बाहर होने को लेकर भी विवादों में आए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म छोड़ने के बाद अभिनेता और निर्देशक फरहान अख्तर के बीच मतभेद बढ़ गए, जिसके बाद मामला FWICE तक पहुंचा और संगठन ने रणवीर पर बैन लगा दिया। हालांकि इस मामले पर अभी तक अभिनेता की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

ऋषभ शेट्टी ने जताई थी नाराजगी

‘कांतारा’ अभिनेता ऋषभ शेट्टी ने भी इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि दैव उनके समुदाय और संस्कृति से जुड़ा बेहद संवेदनशील विषय है और इसका मजाक नहीं बनाया जाना चाहिए। विवाद बढ़ने के बाद रणवीर सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर कहा था कि उनका उद्देश्य केवल ऋषभ शेट्टी के अभिनय की सराहना करना था और यदि किसी की भावनाएं आहत हुई हों तो वह इसके लिए दिल से माफी मांगते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts