स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली, 31 मई 2026
आईपीएल 2026 का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेला जाएगा। पूरे सीजन शानदार प्रदर्शन करने वाली दोनों टीमें खिताब से सिर्फ एक कदम दूर हैं।
आरसीबी ने क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस को हराकर सीधे फाइनल में जगह बनाई थी, जबकि गुजरात ने राजस्थान रॉयल्स को हराकर फाइनल का टिकट कटाया। आरसीबी पांचवीं बार और गुजरात तीसरी बार आईपीएल फाइनल खेलने उतर रही है।
पाटीदार और गिल पर रहेंगी नजरें
फाइनल में सबसे बड़ी भिड़ंत दोनों कप्तानों Rajat Patidar और Shubman Gill के बीच देखने को मिलेगी। दोनों खिलाड़ी शानदार फॉर्म में हैं और अपनी-अपनी टीम को खिताब दिलाने के लिए तैयार हैं।
रजत पाटीदार ने इस सीजन 14 मैचों में 486 रन बनाए हैं। उनका औसत 44 और स्ट्राइक रेट 196 रहा है। उन्होंने सीजन में 5 अर्धशतक भी लगाए हैं। वहीं क्वालिफायर-1 में गुजरात के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 33 गेंदों में 93 रन की विस्फोटक पारी खेली थी।
दूसरी ओर शुभमन गिल का बल्ला भी जमकर बोल रहा है। उन्होंने 15 मैचों में 722 रन बनाए हैं। उनका औसत 48.13 और स्ट्राइक रेट 163.71 रहा है। क्वालिफायर-2 में उन्होंने राजस्थान के खिलाफ 53 गेंदों में 101 रन की शतकीय पारी खेलकर टीम को फाइनल में पहुंचाया था।
अहमदाबाद में गुजरात का रिकॉर्ड मजबूत
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इस सीजन गुजरात ने 7 मैच खेले हैं, जिनमें से 5 में जीत और 2 में हार मिली है। इसी मैदान पर लीग चरण में गुजरात ने आरसीबी को हराया भी था। ऐसे में घरेलू परिस्थितियों का फायदा गुजरात को मिल सकता है।
हालांकि, आरसीबी लगातार दूसरे खिताब की तलाश में है, जबकि गुजरात की नजर अपनी दूसरी आईपीएल ट्रॉफी पर है। ऐसे में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।
संभावित प्लेइंग-11
आरसीबी: वेंकटेश अय्यर, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, जोश हेजलवुड, रासिख सलाम डार।
गुजरात टाइटंस: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), निशांत सिंद्धू, वाशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, प्रसिद्ध कृष्णा, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज।
अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या रजत पाटीदार की आरसीबी इतिहास रचेगी या शुभमन गिल की गुजरात टाइटंस घरेलू मैदान पर खिताब अपने नाम करेगी।


