19 मई 2026 | चेन्नई

महेंद्र सिंह धोनी के IPL संन्यास को लेकर लगातार चल रही अटकलों के बीच चेन्नई सुपर किंग्स ने चेपॉक में अपना आखिरी घरेलू मुकाबला खेला। IPL 2026 के 63वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने CSK को 5 विकेट से हराया, लेकिन मुकाबले के बाद एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम का माहौल बेहद भावुक नजर आया। मैच खत्म होने के बाद पूरी CSK टीम ने मैदान का चक्कर लगाते हुए “लैप ऑफ ऑनर” लिया और फैंस का अभिवादन स्वीकार किया। स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों ने धोनी के लिए जोरदार चीयर किया।

संन्यास पर अभी भी सस्पेंस बरकरार

मैच से पहले उम्मीद लगाई जा रही थी कि महेंद्र सिंह धोनी IPL से संन्यास का ऐलान कर सकते हैं, लेकिन उन्होंने ऐसा कोई संकेत नहीं दिया। हालांकि, लैप ऑफ ऑनर के दौरान धोनी की मौजूदगी और फैंस का रिएक्शन सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना रहा। 45 साल के करीब पहुंच चुके धोनी इस सीजन इंजरी के कारण मैदान पर नहीं उतर पाए और अब अगले सीजन को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

फैंस के बीच जर्सी और गेंदें बांटी गईं

लैप ऑफ ऑनर के दौरान CSK खिलाड़ियों ने दर्शकों के बीच जर्सी और गेंदें भी फेंकी। पिछले कुछ सीजन से चेन्नई सुपर किंग्स अपने घरेलू मैदान पर आखिरी मैच के बाद इस परंपरा को निभाती आ रही है। इस दौरान सुरेश रैना भी मैदान में नजर आए, जिन्हें धोनी ने गले लगाया। रैना इस मैच में कमेंट्री पैनल का हिस्सा थे।

पीली जर्सी में दिखे धोनी, स्टेडियम में गूंजा शोर

चेन्नई की पारी समाप्त होने के बाद टीम फोटोशूट के लिए महेंद्र सिंह धोनी पीली CSK जर्सी पहनकर मैदान पर पहुंचे। जैसे ही धोनी मैदान में आए, पूरा चेपॉक स्टेडियम खड़ा होकर उनका स्वागत करने लगा। यह इस सीजन पहला मौका था जब मैच डे पर धोनी स्टेडियम में नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts