जगदलपुर/बलौदाबाजार, 11 जून 2026

छत्तीसगढ़ के दो जिलों में गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर दिया। जगदलपुर में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बलौदाबाजार में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, जगदलपुर के परपा थाना क्षेत्र अंतर्गत गीदम रोड पर यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक ने स्कूटी सवार महिला को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।

वहीं बलौदाबाजार के रायपुर रोड स्थित शासकीय शराब दुकान के पास भी सड़क दुर्घटना हुई। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक बाइक सवार अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। हादसे में युवक के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस घायल के परिजनों को सूचना देने के साथ ही अज्ञात वाहन चालक की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts