कोंडागांव। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 स्थित केशकाल घाट में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब जगदलपुर से ओडिशा के झारसुगुड़ा ऑक्सीजन लेकर जा रहा एक टैंकर ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना के बाद टैंकर से ऑक्सीजन का रिसाव शुरू हो गया, जिससे कुछ देर के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, घाट उतरते समय अचानक टैंकर के ब्रेक फेल हो गए। चालक ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए सूझबूझ का परिचय दिया और समय रहते टैंक का सेफ्टी वाल्व खोल दिया। इससे ऑक्सीजन नियंत्रित रूप से बाहर निकलती रही और टैंक में दबाव नहीं बढ़ा। विशेषज्ञों के अनुसार, यदि टैंक पूरी तरह बंद रहता तो दबाव बढ़ने से बड़ा विस्फोट हो सकता था।

हादसे में चालक उदय ठाकुर को मामूली चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए यातायात को नियंत्रित किया। कुछ समय तक मार्ग पर आवाजाही प्रभावित रही, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।

प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। चालक की तत्परता और समझदारी से एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई, जिसकी स्थानीय लोगों और अधिकारियों ने सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts