12 मई 2026 | नई दिल्ली

NEET UG 2026 परीक्षा को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित हुई NEET UG परीक्षा को रद्द कर दिया है। पेपर लीक मामले में जांच एजेंसियों से मिली रिपोर्ट के बाद केंद्र सरकार की मंजूरी के साथ यह निर्णय लिया गया। इस फैसले से देशभर के करीब 22 लाख छात्रों और उनके परिवारों के बीच हड़कंप मच गया है। अब सभी अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षा देनी होगी।

पेपर लीक के बाद लिया गया फैसला

NTA ने बयान जारी कर कहा कि परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े कुछ गंभीर इनपुट और जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित होने की आशंका बनी। एजेंसी ने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली में छात्रों का भरोसा बनाए रखने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा दोबारा आयोजित कराने का फैसला लिया गया है।

NTA के मुताबिक नई परीक्षा तारीख, एडमिट कार्ड और अन्य जरूरी जानकारियां जल्द आधिकारिक वेबसाइट और माध्यमों से जारी की जाएंगी।

CBI को सौंपी गई जांच

पेपर लीक मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है। NTA ने कहा है कि वह जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग करेगा और सभी जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएंगे।

सूत्रों के अनुसार, जयपुर से मनीष नाम के एक युवक को हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पेपर जयपुर के एक प्रिंटिंग प्रेस में छपने आया था और वहीं से लीक होने की आशंका जताई जा रही है।

छात्रों को दोबारा नहीं करना होगा रजिस्ट्रेशन

NTA ने स्पष्ट किया है कि मई 2026 के लिए किया गया रजिस्ट्रेशन, उम्मीदवारों का डेटा और चुने गए परीक्षा केंद्र दोबारा होने वाली परीक्षा में भी मान्य रहेंगे। छात्रों को नया आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी और कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क भी नहीं लिया जाएगा।

एजेंसी ने अभिभावकों और छात्रों से अपील की है कि वे केवल NTA के आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर जारी सूचनाओं पर भरोसा करें और सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts