11 मई 2026 | रायपुर

रायपुर पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए रामसागरपारा निवासी लोकेश अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बेटिंग साइट्स के पैनल और लिंक बेचने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक लोकेश अग्रवाल ऑनलाइन सट्टेबाजी सिंडिकेट का मास्टर पैनल संचालक है, जो रायपुर सहित आसपास के कई जिलों में क्रिकेट सट्टेबाजी का नेटवर्क चला रहा था। आरोपी के मोबाइल फोन और बैंक खातों की जांच जारी है, जिसमें बड़े पैमाने पर अवैध लेनदेन के सुराग मिले हैं।

पहले गिरफ्तार हुए थे दो आरोपी

जानकारी के अनुसार, 14 अप्रैल 2026 को कबीरनगर पुलिस ने परमानंद नगर रेलवे ट्रैक के पास कार्रवाई करते हुए आकाश टांडी (31 वर्ष) और मोहम्मद आरिफ (50 वर्ष) को गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपी कोटा क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 4 स्मार्टफोन और करीब 5 लाख रुपये नकद जब्त किए थे। पूछताछ और मोबाइल के फोरेंसिक विश्लेषण में सामने आया कि दोनों आरोपी लोकेश अग्रवाल से आईडी लेकर ऑनलाइन सट्टेबाजी का काम कर रहे थे।

फरार चल रहा था आरोपी

दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद से लोकेश अग्रवाल फरार था, जिसे अब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसीपी आजाद चौक ईशु अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी “ऑल पैनल 777” सहित कई बेटिंग वेबसाइट्स का मास्टर पैनल संचालित कर रहा था। साथ ही मटका सट्टा संचालन से जुड़े नेटवर्क में भी उसकी भूमिका सामने आई है।

लाखों के लेनदेन और बड़े नेटवर्क के सुराग

पुलिस जांच में रायपुर और आसपास के जिलों में फैले बड़े सट्टा नेटवर्क के संकेत मिले हैं। अधिकारियों के मुताबिक आरोपी के जरिए हर दिन लाखों रुपये का अवैध लेनदेन किया जा रहा था। पुलिस अब संदिग्ध बैंक खातों, मोबाइल डेटा और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की गहन जांच कर रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियाँ होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts