गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 15 जुलाई 2026

जिले के पेंड्रा नगर में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पिता और पुत्र की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा राय पेट्रोल पंप के पास उस समय हुआ, जब कोयले से भरे तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार, कुड़कई गांव निवासी तेरस भरिया (35) अपनी पत्नी और 14 वर्षीय पुत्र राजू भरिया के साथ स्कूटी से पेंड्रा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में बेकाबू ट्रेलर ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और तीनों सड़क पर जा गिरे।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने तेरस भरिया और राजू भरिया को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल महिला का इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के बाद भाग रहे ट्रेलर चालक को स्थानीय ग्रामीणों ने सरस्वती शिशु मंदिर के पास घेरकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पेंड्रा पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts