रायपुर, 01 जुलाई 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में किसान हितैषी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर खेती-किसानी को मजबूती देने का सशक्त माध्यम बन रही है। योजना से मिलने वाली राशि के जरिए किसान समय पर बीज, उर्वरक और अन्य कृषि आदानों की व्यवस्था कर पा रहे हैं, जिससे खेती की लागत का दबाव कम होने के साथ कृषि कार्य भी समय पर पूरे हो रहे हैं।

गौरेला-पेन्ड्रा-मरवाही जिले की ग्राम पंचायत सारबहरा के किसान एवन सिंह इस योजना का लाभ लेकर खेती की तैयारियों को बेहतर ढंग से पूरा कर रहे हैं। उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त प्राप्त हुई, जिसका उपयोग उन्होंने बीज, उर्वरक और अन्य कृषि कार्यों में किया। उनका कहना है कि समय पर मिलने वाली सहायता से खेती की तैयारियां आसान हुई हैं और कृषि कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होती।

इसी ग्राम पंचायत के किसान नरेश यादव, जो लगभग चार एकड़ भूमि में खेती करते हैं, भी योजना के नियमित लाभार्थी हैं। उनका कहना है कि यह योजना छोटे और मध्यम किसानों के लिए बड़ी राहत साबित हुई है। योजना से प्राप्त राशि के माध्यम से कृषि कार्यों के लिए आवश्यक सामग्री खरीदना आसान हुआ है, जिससे आर्थिक मजबूती के साथ किसानों का आत्मविश्वास भी बढ़ा है।

राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि पात्र किसानों तक केंद्र सरकार की सभी कृषि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए एक भरोसेमंद आर्थिक सहारा बनकर उभरी है और कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

सरकार का मानना है कि किसानों की समृद्धि ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का आधार है। इसी सोच के अनुरूप किसान कल्याण, कृषि विकास और ग्रामीण समृद्धि को गति देने के लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन लगातार जारी है। समय पर मिलने वाली आर्थिक सहायता से किसान आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं और बेहतर उत्पादन के लक्ष्य के साथ खेती कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts