13 मई 2026 | रायपुर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन संरक्षण और संसाधनों के संयमित उपयोग के आह्वान के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने काफिले में कटौती करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक काफिले में 5 वाहनों की कमी करते हुए अब 13 की जगह केवल 8 गाड़ियां रखने का फैसला किया है। इसके साथ ही उन्होंने मंत्रियों, निगम-मंडलों के पदाधिकारियों और प्रदेशवासियों से भी पेट्रोल-डीजल के जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग की अपील की है।
सरकारी काफिलों में होगी कटौती
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि वैश्विक ऊर्जा संकट और पर्यावरणीय चुनौतियों के इस दौर में ईंधन संरक्षण राष्ट्रीय जिम्मेदारी बन गया है। इसी भावना के तहत अब उनके आधिकारिक दौरों में केवल अत्यावश्यक वाहनों को ही कारकेड में शामिल किया जाएगा। उन्होंने सभी मंत्रियों और सरकारी पदाधिकारियों से भी सरकारी संसाधनों के संयमित उपयोग का आग्रह किया है।
सरकारी वाहनों को EV में बदलने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के शासकीय वाहनों को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) में बदलने की दिशा में ठोस कार्रवाई शुरू की जाएगी। सरकार आने वाले समय में ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने पर काम करेगी।
प्रदेशवासियों से सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील
CM साय ने लोगों से सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने, कारपूलिंग अपनाने और अनावश्यक निजी वाहनों के उपयोग से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक संसाधनों के बेहतर उपयोग को बढ़ावा दिया जा सकता है।


