रायपुर, 8 जुलाई 2026

मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में प्रधानमंत्री आवास 2.0 की लैंड टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आवासीय परियोजनाओं के लिए उपयुक्त भूमि के सर्वेक्षण और चिन्हांकन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने सभी जिलों के कलेक्टरों को योजना के पात्र हितग्राहियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आबादी भूमि पर निवास कर रहे पात्र परिवारों का सत्यापन कर उन्हें योजना का लाभ दिलाने के लिए समुचित व्यवस्था की जाए।

उन्होंने नगरीय निकायों को वर्तमान और भविष्य की आवासीय आवश्यकताओं का आकलन कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि समय पर पात्र हितग्राहियों को आवास उपलब्ध कराया जा सके। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों की पहचान कर आवश्यकतानुसार आवास निर्माण की तैयारी करने पर जोर दिया गया।

बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की सचिव आर. शंगीता, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव शम्मी आबिदी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और भूमि उपलब्धता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts