रायपुर, 1 जुलाई 2026
राजधानी रायपुर में हनीट्रैप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुढ़ियारी थाना पुलिस ने एक व्यक्ति की शिकायत पर दो महिलाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि दोनों महिलाओं ने पहले दोस्ती कर पीड़ित को अपने घर बुलाया, फिर नशीला पदार्थ मिलाकर शराब पिलाई, बेहोश होने पर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींच लीं और बाद में उन्हें वायरल करने की धमकी देकर छह महीने में 2.17 लाख रुपए वसूल लिए।
पीड़ित दुलीचंद कुम्हार, निवासी बीरगांव गांधी नगर, ने पुलिस को बताया कि उसकी पहचान मांगेश्वरी सिंह उर्फ जोगेश्वरी उर्फ रिंकी से थी। शिकायत के अनुसार 6 जनवरी को महिला ने उसे अपने घर बुलाया, जहां पहले से एक अन्य महिला मौजूद थी। वहां उसे शराब पिलाई गई, जिसमें कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिला हुआ था।
पीड़ित का आरोप है कि शराब पीने के कुछ समय बाद वह बेहोश हो गया। होश आने पर उसने खुद को बिना कपड़ों के पाया। किसी तरह वह वहां से निकलकर अपने घर पहुंच गया।
शिकायत के मुताबिक, दो दिन बाद आरोपी महिला ने दोबारा संपर्क कर उसे मिलने बुलाया और उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें दिखाकर धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए तो तस्वीरें उसकी पत्नी, बेटे, रिश्तेदारों और सोशल मीडिया पर वायरल कर दी जाएंगी। सामाजिक बदनामी के डर से पीड़ित ने 8 जनवरी को 50 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद ब्लैकमेलिंग का सिलसिला लगातार जारी रहा। आरोप है कि फरवरी में 48 हजार, मार्च में 45 हजार, अप्रैल और मई में 46-46 हजार तथा जून में 30 हजार रुपए वसूले गए। इस तरह आरोपियों ने छह महीने में कुल 2 लाख 17 हजार रुपए ऐंठ लिए।
पीड़ित का कहना है कि आरोपी महिलाएं लगातार और अधिक रकम की मांग कर रही थीं। मानसिक रूप से परेशान होकर उसने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की।
गुढ़ियारी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस बैंक ट्रांजेक्शन, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य सबूतों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


