रायपुर, 12 जुलाई 2026

रायपुर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए यातायात पुलिस की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को 10 नई हाई-स्पीड बाइक उपलब्ध कराई गई हैं। इन बाइकों के जरिए टीम अब सदरबाजार, रामसागरपारा, तात्यापारा समेत भीड़भाड़ और जाम प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से पहुंचकर यातायात सामान्य करेगी।

नई बाइकों को इमरजेंसी लाइट और सायरन से लैस किया गया है, जिससे जाम की स्थिति में भी टीम बिना देरी के घटनास्थल तक पहुंच सकेगी। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने पुलिस कार्यालय परिसर में क्यूआरटी टीमों को संवेदनशील और जाम प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इससे पहले उन्होंने यातायात अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्था की समीक्षा भी की।

पुलिस के अनुसार, शहर में सुगम और निर्बाध यातायात सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी 10 क्यूआरटी टीमों को आधुनिक वाहनों से सुसज्जित किया गया है। निर्देश दिए गए हैं कि जाम की सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल करे, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शहर में कहीं भी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनने पर वे हेल्पलाइन नंबर 94792 10632 पर तुरंत सूचना दें। सूचना मिलते ही संबंधित QRT टीम मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु बनाने की कार्रवाई करेगी। इस दौरान एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले सहित यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts