एंटरटेनमेंट डेस्क, 9 जुलाई 2026

मुंबई। प्रभास स्टारर आगामी फिल्म ‘स्पिरिट’ की शूटिंग के दौरान अभिनेता राजेश शर्मा के साथ एक बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, हैदराबाद स्थित रामोजी फिल्म सिटी में शूटिंग के दौरान उन्हें किसी जहरीले कीड़े या मकड़ी ने काट लिया, जिसके बाद उनकी तबीयत गंभीर हो गई।

बताया गया कि शूटिंग पूरी होने के बाद राजेश शर्मा सेट पर मौजूद तकनीशियनों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों के पास उन्हें किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया। शुरुआत में उन्होंने इसे सामान्य समझा, लेकिन करीब छह घंटे बाद उनके दाएं पैर में तेज दर्द शुरू हुआ और तबीयत लगातार बिगड़ने लगी।

इसके बाद उन्हें कोलकाता के मणिपाल अस्पताल, ढाकुरिया में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, संक्रमण तेजी से फैलकर पैर की उंगलियों से घुटने तक पहुंच गया है और प्रभावित हिस्से में बड़े-बड़े छाले भी पड़ गए हैं। फिलहाल अभिनेता को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

मेडिकल टीम ने ब्लड क्लॉट बनने की आशंका भी जताई है। डॉक्टरों का कहना है कि यदि रक्त का थक्का फेफड़ों तक पहुंचता है, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। इसलिए फिलहाल उनकी हालत को पूरी तरह खतरे से बाहर नहीं माना जा रहा है।

अभिनेता की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, विस्तृत मेडिकल जांच के बाद 9 जुलाई को उनकी सेहत को लेकर अगला आधिकारिक हेल्थ अपडेट जारी किया जाएगा। परिवार ने इस कठिन समय में सहयोग और समर्थन देने वाले सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts