धमतरी, 11 जून 2026

जिले के ग्राम बरारी में शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण कर रिसॉर्ट निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है। मामले की जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम बरारी में करीब 70 डिसमिल शासकीय भूमि पर लगे पेड़ों की कटाई कर रिसॉर्ट निर्माण की तैयारी की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आया और कलेक्टर के निर्देश पर संबंधित स्थल पर चल रहे कार्य को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।

मामले में आरोपों के घेरे में आए खूबलाल ध्रुव का कहना है कि वह पिछले लगभग 40 वर्षों से उक्त भूमि पर काबिज है। उनका दावा है कि डुबान प्रभावित होने के कारण वे लंबे समय से वहां निवास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की शिकायत के कारण मामला सामने आया है और प्रशासन जो भी वैधानिक कार्रवाई करेगा, उसे स्वीकार किया जाएगा।

हालांकि पूरे मामले में यह सवाल उठ रहा है कि यदि भूमि शासकीय है तो उस पर निर्माण कार्य किस आधार पर किया जा रहा था। साथ ही पेड़ों की कटाई के लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं, यह भी जांच का विषय बना हुआ है।

फिलहाल प्रशासन ने निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है और भूमि से संबंधित दस्तावेजों के साथ अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts