कीव, 2 जुलाई 2026

रूस ने यूक्रेन पर अपने हमले और तेज करते हुए पिछले 24 घंटों में बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। राजधानी कीव में 28 अलग-अलग स्थानों पर धमाके हुए। इन हमलों में कम से कम 8 लोगों की मौत और 38 लोगों के घायल होने की प्रारंभिक जानकारी सामने आई है।

रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, सेना ने हाई-प्रिसिजन मिसाइलों और ड्रोन की मदद से सैन्य ठिकानों, ड्रोन निर्माण केंद्रों, एयरफील्ड नेटवर्क और ईंधन भंडारण सुविधाओं को निशाना बनाया। मंत्रालय का दावा है कि ओडेशा स्थित एक ड्रोन कॉम्पलेक्स को भी नष्ट कर दिया गया, जहां तैयार किए जा रहे ड्रोन का इस्तेमाल रूस के अहम ठिकानों पर हमलों के लिए किया जा रहा था।

हमलों की गंभीरता को देखते हुए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने अपनी आयरलैंड यात्रा बीच में ही छोड़ दी और तुरंत कीव लौट आए। बताया जा रहा है कि राजधानी समेत कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

रूस ने यह भी दावा किया कि उसने स्टारलिंक टर्मिनलों को निशाना बनाया, जिनके जरिए यूक्रेनी ड्रोन को सैटेलाइट और इंटरनेट कनेक्टिविटी मिलती है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह अभियान रूस के नागरिक बुनियादी ढांचे पर यूक्रेन की ओर से किए गए कथित आतंकी हमलों के जवाब में चलाया गया। मंत्रालय के अनुसार, ऑपरेशन में केवल सैन्य और रणनीतिक ठिकानों को लक्ष्य बनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts