रायपुर, 30 जून 2026

राजधानी रायपुर के सरोना फ्लाईओवर पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। 6 ट्रैक्टरों से लदा एक ट्रेलर फ्लाईओवर से गुजरते समय अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद दुर्ग-रायपुर मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और चालक भी सुरक्षित बच गया।

जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ। ट्रेलर के पलटते ही फ्लाईओवर पर यातायात ठप हो गया। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस, स्थानीय पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। इसके बाद क्रेन की मदद से ट्रेलर को हटाने का अभियान शुरू किया गया। करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद ट्रेलर को सड़क से हटाकर मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया।

हादसे में ट्रेलर पर लदे 6 ट्रैक्टरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है ताकि हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सके।

यातायात बाधित होने के दौरान डीएसपी ट्रैफिक सतीश ठाकुर ने वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी की। पुलिस ने दुर्ग से रायपुर आने-जाने वाले हल्के वाहनों को एम्स-मोहबाबाजार मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी, जिससे जाम की स्थिति से बचा जा सके और यातायात का दबाव कम हो।

डीएसपी सतीश ठाकुर ने बताया कि ट्रेलर हटाने के बाद अब सरोना फ्लाईओवर पर यातायात पूरी तरह सामान्य हो चुका है और सभी प्रकार के वाहन सुचारु रूप से आवागमन कर रहे हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और भारी वाहनों के संचालन के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts