22 मई 2026 | सहारनपुर

उत्तर प्रदेश के शामली जिले के जसाला गांव में कश्यप समाज के युवक मोनू की मौत के मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। इस मामले में कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन समेत 7 लोगों के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज की है। आरोप है कि 19 मई को DIG कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान सड़क जाम कर यातायात व्यवस्था बाधित की गई और पुलिस कार्रवाई में रुकावट पैदा की गई। पुलिस के अनुसार, सांसद इकरा हसन अपने समर्थकों के साथ मौके पर मौजूद थीं और प्रदर्शन के दौरान हंगामा किया गया।

इन लोगों को किया गया नामजद

पुलिस की FIR में इकरा हसन के अलावा पूर्व राज्यमंत्री मांगेराम कश्यप, तेजपाल सिंह, अजय, अनुज, शीशपाल और सत्यपाल सिंह को नामजद आरोपी बनाया गया है। इसके साथ ही 20 से 25 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। यह मुकदमा सब-इंस्पेक्टर संजय कुमार शर्मा की तहरीर पर दर्ज किया गया।

किन धाराओं में दर्ज हुआ केस

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 221, 132 और 126(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। FIR के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने DIG कार्यालय के सामने सड़क जाम कर दी थी, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हुई और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।

पुलिस ने समझाने की कोशिश का किया दावा

पुलिस का कहना है कि सूचना मिलने पर सिविल लाइन चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वे नहीं माने। ट्रैफिक पुलिस द्वारा जाम खुलवाने की कोशिश भी की गई, लेकिन प्रदर्शन जारी रहा। इस घटना के बाद क्षेत्र की राजनीति गरमा गई है और विपक्ष इसे राजनीतिक कार्रवाई बता रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts