16 मई 2026 | वाराणसी

उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में दालमंडी क्षेत्र में चल रहे सड़क चौड़ीकरण अभियान के तहत अब 6 मस्जिदें भी बुलडोजर कार्रवाई की जद में आ गई हैं। प्रशासन ने संबंधित मस्जिद कमेटियों को नोटिस जारी कर जल्द स्थान खाली करने और मस्जिद शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं। दालमंडी इलाके में अब तक 70 से अधिक मकानों और भवनों को ध्वस्त किया जा चुका है। प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है।

इन 6 मस्जिदों पर होगी कार्रवाई

प्रशासन जिन मस्जिदों पर कार्रवाई की तैयारी कर रहा है उनमें लंगड़े हाफिज मस्जिद, संगमरमर वाली मस्जिद, अली रजा खान मस्जिद, निसारन मस्जिद, शाह मस्जिद और करीमुल्लाह बेग मस्जिद शामिल हैं। अधिकारियों ने मस्जिद कमेटियों को नोटिस देकर वैकल्पिक व्यवस्था करने को कहा है।

दालमंडी में भारी पुलिस बल तैनात

संभावित विरोध और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दालमंडी इलाके में भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। प्रशासन लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रहा है और अभियान को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है।

187 मकानों को किया गया चिन्हित

दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत कुल 187 मकानों और निर्माणों को चिन्हित किया गया है। इनमें से अब तक करीब 70 निर्माणों को ध्वस्त किया जा चुका है। कभी पूर्वांचल के सबसे बड़े बाजारों में गिने जाने वाले दालमंडी क्षेत्र में अब बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ जारी है।

हापुड़ और पीलीभीत में भी चला बुलडोजर

इसी बीच हापुड़ में समाजवादी पार्टी नेता अय्यूब सिद्दीकी के कथित अवैध मकान पर भी प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की। प्रशासन का दावा है कि मकान तालाब की जमीन पर बना था। वहीं पीलीभीत में समाजवादी पार्टी के अवैध कार्यालय पर भी बुलडोजर चलाया गया। इन कार्रवाइयों के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।

विपक्ष ने लगाया निशाना बनाने का आरोप

समाजवादी पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया है कि प्रशासन विपक्ष से जुड़े लोगों और अल्पसंख्यकों को चुन-चुनकर निशाना बना रहा है। हालांकि प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई पूरी तरह नियमों और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया के तहत की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts