पंजाब, 15 अप्रैल 2026

पंजाब के राज्यसभा सांसद अशोक कुमार मित्तल के घर, संस्थानों और कारोबारी ठिकानों पर बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। जालंधर और फगवाड़ा में एक साथ कई स्थानों पर शुरू हुई इस कार्रवाई में दिल्ली से आई टीमों ने सुबह करीब 9 बजे से दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच शुरू की।

लवली ग्रुप के कई ठिकाने जांच के दायरे में

ईडी की टीमें लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) सहित लवली ग्रुप से जुड़े कई प्रतिष्ठानों पर पहुंचीं। लवली ऑटोज, लवली स्वीट्स और लवली डिस्टेंस एजुकेशन सेंटर समेत कई व्यावसायिक परिसरों में दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। मित्तल परिवार से जुड़े आवासीय ठिकाने भी जांच के दायरे में हैं।

सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के कथित उल्लंघन से जुड़े मामले में की जा रही है। ईडी की नजर खास तौर पर विदेशी फंडिंग और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड पर है।

राजनीतिक हलकों में हलचल

हाल ही में अशोक मित्तल को आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा में उपनेता की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके कुछ ही दिनों बाद हुई इस कार्रवाई को राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है।

सीएम भगवंत मान का तंज

इस कार्रवाई पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए इसे “टिपिकल मोदी स्टाइल” बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब चुनाव की तैयारी कर रही है और विपक्ष को दबाने की कोशिश की जा रही है।

केजरीवाल का भी हमला

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पंजाब के लोग इस तरह की राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेंगे और भाजपा को इसका जवाब दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts