रायपुर। प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विज्ञान विभाग ने तापमान में और वृद्धि की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में लू और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं का खतरा और बढ़ सकता है।

बदलते मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने बताया कि सीएमएचओ की बैठक में सभी जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में जरूरी दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने के साथ ही ठंडे पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके अलावा खराब पंखे, कूलर और एसी को तुरंत ठीक कराने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो।

गर्मी का असर अब आम जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है। लोग बेहद जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकल रहे हैं। प्रशासन ने भी लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार, राजनांदगांव में सबसे अधिक 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। राजधानी रायपुर में पारा 43 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं माना में 42.5, बिलासपुर में 42.8, जगदलपुर में 40, पेंड्रा रोड में 39.9 और अंबिकापुर में 39.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है।

प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। घर से बाहर निकलते समय सिर ढकने, हल्के और सूती कपड़े पहनने और शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए नियमित रूप से पानी, नींबू पानी, छाछ और नारियल पानी जैसे तरल पदार्थ लेने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts