अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब आम लोगों की जेब पर साफ दिख रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतें बढ़ने से हवाई किराए महंगे हो गए हैं। बढ़ती लागत के चलते इंडिगो और एयर इंडिया जैसी एयरलाइंस ने ‘फ्यूल सरचार्ज’ लागू कर दिया है, जिससे टिकट के दाम 15 से 20% तक बढ़ गए हैं।

मार्च के अंत से लागू समर शेड्यूल के बाद इंदौर से कई सीधी फ्लाइट्स बंद हो गई हैं। अब यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट्स का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे यात्रा का समय और खर्च दोनों बढ़ रहे हैं। बढ़ते किराए के कारण लोग ट्रेन या अन्य विकल्प चुनने लगे हैं, जिससे समर वेकेशन प्लान भी प्रभावित हो रहा है।

ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एमपी-छत्तीसगढ़) के चेयरमैन हेमेंद्र सिंह जादौन के अनुसार, यदि अंतरराष्ट्रीय हालात नहीं सुधरे और ATF सस्ता नहीं हुआ, तो आने वाले समय में किराए और बढ़ सकते हैं।

इंदौर से मुंबई के किराए में करीब 2000 रुपए की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पहले जहां यह किराया लगभग 4500 रुपए था, अब बढ़कर करीब 6500 रुपए हो गया है।

वहीं, कोलकाता रूट पर सबसे ज्यादा उछाल देखा गया है। पहले 6500 से 7500 रुपए में मिलने वाला टिकट अब 8500 से 12,000 रुपए तक पहुंच गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस रूट पर कम प्रतिस्पर्धा और अधिक मांग के कारण किराए तेजी से बढ़े हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts