Dark Light

Blog Post

paperonscreen.com > News > All > बलौदाबाजार में सनसनी: कब्र से निकाले गए 6 शव, जहरीली शराब से 8 मौतों की आशंका

बलौदाबाजार में सनसनी: कब्र से निकाले गए 6 शव, जहरीली शराब से 8 मौतों की आशंका

बलौदाबाजार, 16 जून 2026

जिले के कसडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत खरवे गांव में हुईं संदिग्ध मौतों के मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मामले की जांच के तहत मंगलवार को प्रशासन ने जेसीबी मशीन की मदद से कब्र खोदकर 6 शवों को बाहर निकाला, जिन्हें पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, पिछले तीन महीनों में 8 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। आरोप है कि एक व्यक्ति ने मृतकों को जहरीली शराब पिलाई थी, जिसके बाद उनकी एक-एक कर मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने दोबारा जांच शुरू की है।

पहले भी निकाला गया था एक शव

इससे पहले शनिवार को एक अन्य शव को कब्र से निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए रायपुर भेजा गया था। वहीं एक मृतक का अंतिम संस्कार परिजनों द्वारा पहले ही कर दिया गया था, जिसके कारण उसका दोबारा परीक्षण नहीं हो सका।

ग्रामीणों ने लगाया गंभीर आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि रामसाय जायसवाल, जो गांव में किराना दुकान संचालित करता है, मृतकों के संपर्क में था और उसने कथित तौर पर शराब में जहर मिलाकर उन्हें पिलाया। हालांकि पुलिस ने अभी तक इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है और कहा है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

मानव बलि की चर्चा को पुलिस ने बताया अफवाह

घटना के बाद गांव में कथित खजाने (हंडा) को पाने के लिए मानव बलि दिए जाने की चर्चाएं भी फैल रही हैं। हालांकि पुलिस ने इन दावों को अफवाह बताते हुए लोगों से भ्रामक जानकारी पर विश्वास नहीं करने की अपील की है।

फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी निगाहें

घटनास्थल पर पुलिस, राजस्व विभाग और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में शवों को बाहर निकाला गया। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों से लगातार पूछताछ की जा रही है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।

फिलहाल पूरे मामले में पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौतें जहरीली शराब से हुईं या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *