Dark Light

Blog Post

paperonscreen.com > News > All > रायगढ़ में गौतस्करों पर पुलिस का शिकंजा, रातभर चले ऑपरेशन में 20 गौवंश मुक्त

रायगढ़ में गौतस्करों पर पुलिस का शिकंजा, रातभर चले ऑपरेशन में 20 गौवंश मुक्त

रायगढ़, 19 जून 2026

जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत लैलूंगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया। घने जंगल में रातभर चले सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीम का सामना एक विशाल अजगर से भी हुआ, लेकिन जवानों ने साहस और सतर्कता के साथ अभियान जारी रखा।

जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में गुरुवार रात ग्राम कमरगा के जंगल में यह विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर गायों, बछियों और बछड़ों को जंगल के रास्ते ओडिशा की ओर ले जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गिरधारी साव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से जंगल में घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अंधेरे और दुर्गम रास्तों के बावजूद पुलिस टीम ने अभियान जारी रखा और 20 गौवंशों को सुरक्षित बरामद कर लिया।

पुलिस की मौजूदगी की भनक लगते ही तस्कर मौके से फरार हो गए। बरामद मवेशियों के संबंध में कोई दावा सामने नहीं आने पर पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए सभी गौवंशों को जब्त कर सलखिया गौशाला के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस अब फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में गौवंश तस्करी और पशु क्रूरता के मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *