Dark Light

Blog Post

paperonscreen.com > News > All > मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजनांदगांव को दी 510 करोड़ से अधिक के 333 विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजनांदगांव को दी 510 करोड़ से अधिक के 333 विकास कार्यों की सौगात

राजनांदगांव, 22 जून 2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को राजनांदगांव में आयोजित प्रगतिशील किसान सम्मेलन एवं लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम में जिले को 510 करोड़ 89 लाख रुपये से अधिक लागत के 333 विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनांदगांव आज फसल विविधीकरण, जल संरक्षण और किसान समृद्धि के मॉडल के रूप में उभर रहा है। राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और गांवों के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को धरातल पर उतारते हुए विकास और सुशासन के नए अध्याय लिखे जा रहे हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शिवनाथ नदी के मोहारा मेला स्थल से ऑक्सीजन जोन तक सस्पेंशन ब्रिज, ईरा एनीकट निर्माण एवं संरक्षण कार्य, कुमरदा-गेंदाटोला-कल्लूबंजारी मार्ग निर्माण तथा घुमरिया व्यपवर्तन जीर्णोद्धार जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की घोषणा की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने किसानों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि खरीफ 2026 से कृषक उन्नति योजना के तहत धान के स्थान पर दलहन, तिलहन अथवा अन्य फसलें लेने वाले किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार रुपये की आदान सहायता राशि दी जाएगी। इससे किसानों को फसल विविधीकरण के लिए प्रोत्साहन मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और अन्य किसान हितैषी योजनाओं के माध्यम से किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है। साथ ही खेती के लिए आवश्यक खाद और बीज समय पर उपलब्ध कराने की दिशा में भी सरकार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सुशासन को मजबूत बनाने के लिए सीएम हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है, जहां नागरिक अपनी समस्याओं का निर्धारित समय-सीमा में समाधान प्राप्त कर सकते हैं। वहीं ई-डिस्ट्रिक्ट प्रणाली के माध्यम से आय, जाति, निवास सहित 400 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के जरिए आम लोगों को राहत पहुंचाई जा रही है। लोगों से अपने घरों में रूफटॉप सोलर लगाने का भी आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन और एबीस एक्सपोर्ट के बीच किसानों के सोयाबीन उत्पाद की खरीदी के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर प्रगतिशील किसानों, कृषि सखी दीदियों, सरपंचों और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों का सम्मान किया गया तथा किसानों को मिनी किट वितरित किए गए।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *