Dark Light

Blog Post

paperonscreen.com > News > All > टास्क और निवेश के नाम पर 61 लाख की ठगी, केरल से साइबर नेटवर्क के 3 सदस्य गिरफ्तार

टास्क और निवेश के नाम पर 61 लाख की ठगी, केरल से साइबर नेटवर्क के 3 सदस्य गिरफ्तार

ऑनलाइन टास्क पूरा कर मोटी कमाई और निवेश पर बड़े मुनाफे का झांसा देकर 61 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह का गीदम पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में केरल के कोझिकोड से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पीड़ित ने शिकायत में बताया था कि अज्ञात लोगों ने ऑनलाइन टास्क और निवेश के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई। धीरे-धीरे ठगी की रकम बढ़ते हुए करीब 61 लाख 6 हजार 592 रुपये तक पहुंच गई। शिकायत के बाद पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि गिरोह साइबर ठगी से मिली रकम को ठिकाने लगाने के लिए कई बैंक खातों का इस्तेमाल करता था। आरोपी अपने और परिचितों के नाम पर खाते खुलवाकर उनमें ठगी की राशि जमा कराते थे, फिर कमीशन लेकर रकम को दूसरे खातों में ट्रांसफर करते थे। कुछ रकम को क्रिप्टो करेंसी के जरिए आगे भेजे जाने की जानकारी भी मिली है।

मामले में गिरफ्तार आरोपियों में मुहम्मद नीजाज आर.एम., अभिनव श्रीनिवास और मुहम्मद साहिल शामिल हैं। पूछताछ में यह भी पता चला कि एक आरोपी के पास अलग-अलग बैंकों के 7 से 8 खाते थे, जिनका उपयोग रकम ट्रांसफर और नकद निकासी के लिए किया जा रहा था।

गिरफ्तारी के बाद छत्तीसगढ़ लाते समय एक आरोपी केरल के एक लॉज से फरार हो गया था, लेकिन लगातार तलाश के बाद उसे अगले ही दिन दोबारा पकड़ लिया गया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 27 जून 2026 तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *