Dark Light

Blog Post

paperonscreen.com > News > All > महासमुंद में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, उड़ीसा प्रिंट वाले 11 बोरी उर्वरक जब्त

महासमुंद में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, उड़ीसा प्रिंट वाले 11 बोरी उर्वरक जब्त

महासमुंद, 27 जून 2026

किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं मानक अनुरूप उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा पूरे छत्तीसगढ़ में उर्वरक विक्रय केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत महासमुंद जिले में विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वैष्णवी एग्रो इंडस्ट्रीज से उड़ीसा प्रिंट वाली PROM (फॉस्फेट रिच ऑर्गेनिक मैन्योर) उर्वरक की 11 बोरियां, जिनका कुल वजन लगभग 550 किलोग्राम है, जब्त कर ली हैं।

जानकारी के अनुसार महासमुंद कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम ने बागबाहरा विकासखंड के ग्राम घोयनाबाहरा स्थित वैष्णवी एग्रो इंडस्ट्रीज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में सालेपाली, पाइकमाल, जिला बरगढ़ (उड़ीसा) प्रिंट वाली उर्वरक की 11 बोरियां पाई गईं। नियमानुसार कार्रवाई करते हुए विभागीय अधिकारियों ने सभी बोरियों को जब्त कर लिया।

कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि किसानों के हितों की रक्षा और उन्हें गुणवत्तापूर्ण एवं वैध उर्वरक उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से राज्यभर में उर्वरक निर्माण, भंडारण और विक्रय केंद्रों की नियमित जांच की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि उर्वरक के भंडारण, परिवहन और विक्रय में यदि किसी प्रकार की अनियमितता या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कृषि विभाग ने यह भी कहा कि किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए राज्यभर में निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *