Dark Light

Blog Post

paperonscreen.com > News > All > 3 जुलाई को रायपुर में होगी ‘सहकार संकल्प दौड़’, सहकारिता और स्वस्थ जीवन का देंगे संदेश

3 जुलाई को रायपुर में होगी ‘सहकार संकल्प दौड़’, सहकारिता और स्वस्थ जीवन का देंगे संदेश

रायपुर, 2 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ शासन के सहकारिता विभाग द्वारा 3 जुलाई को राजधानी रायपुर में ‘सहकार संकल्प दौड़’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य सहकारिता की भावना, स्वस्थ जीवन शैली और समृद्ध छत्तीसगढ़ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।

यह आयोजन “सहकारिता की भावना के साथ, एक कदम समृद्ध छत्तीसगढ़ की ओर” थीम पर आधारित होगा। इसके माध्यम से लोगों में सहयोग, एकता, स्वास्थ्य और सामूहिक विकास की भावना को बढ़ावा दिया जाएगा।

सहकार संकल्प दौड़ का आयोजन 3 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को सुबह 6 बजे मरीन ड्राइव (तेलीबांधा), रायपुर से शुरू होगा। इसमें प्रदेशभर से नागरिक, युवा, विद्यार्थी, किसान, सहकारी संस्थाओं के सदस्य और विभिन्न वर्गों के लोग भाग लेंगे।

दौड़ में पुरुष और महिला वर्ग के प्रतिभागियों के लिए प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

सहकारिता विभाग के अनुसार सहकार संकल्प दौड़ केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि जनजागरण अभियान है। इसके माध्यम से “सहकारिता से समृद्धि”, “साथ चलें, साथ बढ़ें” और “स्वस्थ समाज, समृद्ध प्रदेश” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

सहकारिता विभाग ने प्रदेश के सभी नागरिकों से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। विभाग का मानना है कि जनभागीदारी से सहकारिता आंदोलन को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा समृद्ध और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण का लक्ष्य साकार होगा।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *