Dark Light

Blog Post

paperonscreen.com > News > All > जिले की पहचान विष्णुभोग चावल से मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का सम्मान, महिला समूहों की मेहनत को मिली सराहना

जिले की पहचान विष्णुभोग चावल से मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का सम्मान, महिला समूहों की मेहनत को मिली सराहना

रायपुर, 6 जुलाई 2026


कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला आगमन पर कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने जिले की विशिष्ट पहचान विष्णुभोग चावल का पैकेट भेंट कर उनका सम्मान किया।

कलेक्टर ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत जिले के महिला स्व-सहायता समूह विष्णुभोग चावल का उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन कर रहे हैं। अपनी विशिष्ट सुगंध, उत्कृष्ट गुणवत्ता और पारंपरिक पहचान के कारण यह चावल जिले की खास पहचान बन चुका है। इससे ग्रामीण महिलाओं की आजीविका को भी मजबूती मिली है।

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने विष्णुभोग चावल की विशेषताओं की सराहना करते हुए कहा कि यह गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की समृद्ध कृषि परंपरा और महिला स्व-सहायता समूहों की मेहनत का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के प्रयास लगातार किए जाने चाहिए, ताकि किसानों और महिला समूहों की आय में वृद्धि हो तथा जिले की विशिष्ट पहचान पूरे देश में स्थापित हो सके।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने एक समाचार पत्र के प्रधान संपादक को भी विष्णुभोग चावल का पैकेट भेंट कर सम्मानित किया और जिले की इस विशिष्ट कृषि उपज एवं आजीविका गतिविधियों की जानकारी साझा की।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री मनोज खलारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे, अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *