Dark Light

Blog Post

paperonscreen.com > News > All > दशकों का अंधेरा हुआ दूर: ‘नियद नेल्लानार योजना’ से नारायणपुर के वनांचल गांवों में पहली बार पहुंची बिजली

दशकों का अंधेरा हुआ दूर: ‘नियद नेल्लानार योजना’ से नारायणपुर के वनांचल गांवों में पहली बार पहुंची बिजली

रायपुर, 12 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी ‘नियद नेल्लानार (आपका अच्छा गांव) योजना’ के तहत नारायणपुर जिले के सुदूर वनांचल स्थित मोहन्दी और मसपुर गांवों में पहली बार बिजली पहुंचने से ग्रामीणों के जीवन में ऐतिहासिक बदलाव आया है। दशकों तक लालटेन और ढिबरी की रोशनी में जीवन बिताने वाले आदिवासी परिवार अब बिजली की रोशनी में नया भविष्य देख रहे हैं।

घने जंगलों, ऊंची पहाड़ियों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) और निर्माण एजेंसी एम/एस माँ शारदा ने चुनौतीपूर्ण विद्युत लाइन विस्तार कार्य को निर्धारित समय में पूरा किया।

ग्राम मोहन्दी के मिचिंगपारा, कोडियारपारा और बीचपारा में लगभग 61.79 लाख रुपये की लागत से बिजली विस्तार किया गया, जिससे 40 परिवारों को पहली बार विद्युत कनेक्शन मिला। वहीं ग्राम मसपुर के गुडरापारा में 22.42 लाख रुपये की लागत से कार्य पूरा कर 5 परिवारों को बिजली से जोड़ा गया। इस तरह करीब 84.21 लाख रुपये की लागत से कुल 45 परिवारों के घर रोशन हुए।

बिजली पहुंचने के साथ ही इन गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका के नए अवसर खुल गए हैं। अब बच्चों की पढ़ाई रात में भी सुचारु रूप से हो सकेगी। मोबाइल चार्जिंग, पंखे और अन्य विद्युत उपकरणों का उपयोग ग्रामीणों के दैनिक जीवन को आसान बनाएगा। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं और आवश्यक चिकित्सा उपकरणों के संचालन में भी सुधार होगा।

ग्रामीणों का मानना है कि बिजली मिलने से सिलाई, कुटीर उद्योग और छोटे व्यवसायों जैसी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।

वर्षों के इंतजार के बाद अपने घरों को रोशनी से जगमगाता देख ग्रामीणों ने इसे सपना सच होने जैसा बताया और इस पहल के लिए राज्य शासन, जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के प्रति आभार जताया। प्रशासन का लक्ष्य अब जिले के अन्य वंचित वनांचल गांवों तक भी चरणबद्ध तरीके से विकास की रोशनी पहुंचाना है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *