Dark Light

Blog Post

paperonscreen.com > News > All > कैंसर मुक्त भविष्य की ओर बड़ा कदम: धमतरी में शुरू हुआ विशेष HPV टीकाकरण सप्ताह, 14 साल की बेटियों को लगेगा मुफ्त जीवनरक्षक टीका

कैंसर मुक्त भविष्य की ओर बड़ा कदम: धमतरी में शुरू हुआ विशेष HPV टीकाकरण सप्ताह, 14 साल की बेटियों को लगेगा मुफ्त जीवनरक्षक टीका

रायपुर, 13 जुलाई 2026

धमतरी जिले में बेटियों को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए विशेष HPV टीकाकरण सप्ताह की शुरुआत हो गई है। 13 से 18 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस अभियान के तहत 14 वर्ष की आयु की सभी पात्र बालिकाओं को निःशुल्क जीवनरक्षक HPV टीका लगाया जाएगा। अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने स्कूलों और स्वास्थ्य संस्थानों में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने बताया कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है। उन्होंने कहा कि समय पर लगाया गया HPV टीका इस गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे सुरक्षित, प्रभावी और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित माध्यम है। यह टीका भविष्य में कैंसर के जोखिम को काफी हद तक कम करता है, इसलिए सभी पात्र बालिकाओं का टीकाकरण बेहद आवश्यक है।

अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं। टीकाकरण की सुविधा जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र (HWC), जिले के चिन्हित विद्यालयों तथा निर्धारित विशेष टीकाकरण सत्र स्थलों पर निःशुल्क उपलब्ध रहेगी।

धमतरी कलेक्टर ने जिले के सभी माता-पिता और अभिभावकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि बेटियों का स्वस्थ भविष्य हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। HPV टीका पूरी तरह सुरक्षित है, इसलिए किसी भी प्रकार की भ्रांति या अफवाह पर ध्यान न देकर स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह पर अपनी 14 वर्ष की बेटियों का टीकाकरण अवश्य कराएं।

कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, स्वयंसेवी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से भी इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिले की एक भी पात्र बालिका इस जीवनरक्षक टीके से वंचित नहीं रहनी चाहिए।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *