Dark Light

Blog Post

paperonscreen.com > News > All > रायपुर विकास प्राधिकरण के नए उपाध्यक्ष बने डॉ. जय प्रकाश शर्मा, ओ.पी. चौधरी की मौजूदगी में संभाला पदभार

रायपुर विकास प्राधिकरण के नए उपाध्यक्ष बने डॉ. जय प्रकाश शर्मा, ओ.पी. चौधरी की मौजूदगी में संभाला पदभार

रायपुर, 13 जुलाई 2026

रायपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) के नवनियुक्त उपाध्यक्ष डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने सोमवार को आरडीए कार्यालय में विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण समारोह में वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ओ.पी. चौधरी ने डॉ. जय प्रकाश शर्मा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रायपुर के सुनियोजित और समग्र विकास में रायपुर विकास प्राधिकरण की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. शर्मा के प्रशासनिक अनुभव, कार्यक्षमता और जनसेवा के प्रति समर्पण से प्राधिकरण की विकास परियोजनाओं को नई गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

इस अवसर पर रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नंद कुमार साहू ने कहा कि डॉ. शर्मा के प्रशासनिक अनुभव, चिकित्सा क्षेत्र में लंबे समय तक किए गए कार्य और सामाजिक सरोकारों का लाभ आरडीए को मिलेगा। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनहितकारी कार्यों को नई दिशा मिलेगी। साथ ही उन्होंने आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।

पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. जय प्रकाश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के अनुरूप आरडीए की योजनाओं को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और जनहितैषी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि रायपुर शहर के सुनियोजित विकास, आधुनिक अधोसंरचना, गुणवत्तापूर्ण नागरिक सुविधाओं और हितग्राही सेवाओं को और अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों और हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित कर समयबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष राम प्रताप सिंह, रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अवनीश शरण सहित कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *