Dark Light

Blog Post

paperonscreen.com > News > All > राजिम की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी, नगर पंचायत से बना नगर पालिका; राज्य सरकार ने जारी की अधिसूचना

राजिम की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी, नगर पंचायत से बना नगर पालिका; राज्य सरकार ने जारी की अधिसूचना

रायपुर, 14 जुलाई 2026

राज्य शासन ने राजिमवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए राजिम नगर पंचायत का नगर पालिका के रूप में उन्नयन कर दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। नई अधिसूचना के अनुसार राजिम नगर पंचायत की वर्तमान सीमाएं ही राजिम नगर पालिका की सीमाएं होंगी। इस निर्णय से पूरे शहर में खुशी और उत्साह का माहौल है।

उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि नगर पालिका बनने से राजिम के सुनियोजित विकास को नई दिशा मिलेगी। साथ ही शहर के विकास कार्यों के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध होंगे, जिससे नागरिक सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा सकेगा।

उन्होंने बताया कि इस निर्णय के बाद सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, उद्यान और सामुदायिक भवन जैसी आधारभूत सुविधाओं के विकास को और गति मिलेगी। इसके अलावा राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी अधिक प्रभावी ढंग से नगरवासियों तक पहुंचाया जा सकेगा।

राज्य सरकार के इस फैसले को राजिम के शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में शहर के बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं में व्यापक सुधार की उम्मीद है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *