Dark Light

Blog Post

paperonscreen.com > News > News > जगदलपुर में गुंडागर्दी का खौफनाक चेहरा: ‘मैं यहां का दादा हूं’ कहकर मजदूर से 21 हजार रुपये लूटे, आरोपी गिरफ्तार

जगदलपुर में गुंडागर्दी का खौफनाक चेहरा: ‘मैं यहां का दादा हूं’ कहकर मजदूर से 21 हजार रुपये लूटे, आरोपी गिरफ्तार

जगदलपुर।16 जुलाई हैदराबाद में दो महीने तक मेहनत-मजदूरी कर कमाए गए 21 हजार रुपये लेकर घर लौट रहे एक मजदूर के साथ जगदलपुर में लूट की वारदात सामने आई है। आरोपी ने खुद को इलाके का “दादा” बताते हुए मजदूर और उसके साथी के साथ मारपीट की तथा नकदी और दस्तावेज लूटकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार मारडूम निवासी सुखराम मड़ावी काम के सिलसिले में हैदराबाद गया हुआ था। वहां से लौटने के बाद वह नए बस स्टैंड जगदलपुर में अपने दोस्त का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए दोनों को धमकाने लगा। आरोपी ने खुद को इलाके का दादा बताते हुए जेब में रखे पैसे निकालने को कहा।

विरोध करने पर आरोपी ने दोनों युवकों के साथ मारपीट की और सुखराम की जेब में रखा पर्स छीन लिया। पर्स में 21,300 रुपये नकद और आधार कार्ड रखा हुआ था। आरोपी ने वारदात के बाद दोनों को धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तलाश के दौरान आरोपी को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने लूट की वारदात स्वीकार कर ली। उसके कब्जे से 17 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड और पर्स बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में गुंडागर्दी, लूटपाट और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *