Dark Light

Blog Post

paperonscreen.com > News > News > उड़ीसा से रायपुर जा रही 2.5 लाख की गांजा खेप पकड़ी, तेलंगाना का तस्कर नगरनार पुलिस के हत्थे चढ़ा

उड़ीसा से रायपुर जा रही 2.5 लाख की गांजा खेप पकड़ी, तेलंगाना का तस्कर नगरनार पुलिस के हत्थे चढ़ा

जगदलपुर, 18 जुलाई 2026। बस्तर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नगरनार थाना क्षेत्र से 5 किलोग्राम गांजा के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा की बाजार कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी उड़ीसा से गांजा लेकर रायपुर जा रहा था, लेकिन धनपुंजी आरटीओ नाका के पास पुलिस ने उसे धर दबोचा।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार के निर्देशन में उड़ीसा से छत्तीसगढ़ आने वाले अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह के नेतृत्व में गठित टीम को 17 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति धनपुंजी आरटीओ नाका के पास काले रंग का बैग लेकर वाहन का इंतजार कर रहा है, जिसके पास गांजा मौजूद है।

सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम चोले मारूती (38 वर्ष) निवासी शंकरपल्ली, जिला रंगारेड्डी (तेलंगाना) बताया। तलाशी के दौरान उसके बैग से दो पैकेटों में कुल 5 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 2.50 लाख रुपये है। इसके अलावा आरोपी के पास से 650 रुपये नकद भी जब्त किए गए।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी यह गांजा उड़ीसा से रायपुर ले जाने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *