राजधानी रायपुर के रावाभाठा इलाके में संदिग्ध बम सामग्री मिलने के मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। घटना को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। डिप्टी मुख्यमंत्री अरुण साव ने इस मामले में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता से बाहर होने के बाद विपक्षी दल प्रदेश में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सरकार पूरी तरह सतर्क है और किसी भी नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।

डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सरकार की पूरी नजर है और सुरक्षा एजेंसियां हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई कर रही हैं।

वहीं दूसरी ओर पूर्व पीसीसी चीफ धनेंद्र साहू ने सरकार पर पलटवार करते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार “शुतुरमुर्ग की तरह व्यवहार” कर रही है और हर मामले में कांग्रेस को दोषी ठहराने में लगी हुई है। धनेंद्र साहू ने कहा कि यह घटना प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है और सरकार को इसकी जवाबदेही तय करनी चाहिए।

दरअसल, रायपुर के रावाभाठा क्षेत्र स्थित वार्ड नंबर-13 में मितानिन पुष्पा साहू के मकान से एक संदिग्ध बैग मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। जानकारी के अनुसार, बीरगांव निवासी विनय देवांगन नामक व्यक्ति बैग को कुछ समय के लिए वहां रखकर चला गया था।

बाद में घर के लोगों को बैग पर शक हुआ, जिसके बाद स्थानीय पार्षद अश्वनी यादव को सूचना दी गई। पार्षद और स्थानीय लोगों ने बैग खोलकर देखा तो उसमें बैटरी, तार, एयरगन, दो बोतल संदिग्ध केमिकल और डेटोनेटर जैसी सामग्री मिलने की बात सामने आई।

सूचना मिलते ही पुलिस, बम स्क्वॉड और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और बरामद सामग्री की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts