रायपुर, 23 जून 2026
छत्तीसगढ़ में सामाजिक और धार्मिक मामलों को लेकर सरकार की सख्ती एक बार फिर देखने को मिली है। राजधानी रायपुर के सेंट पॉल स्कूल परिसर में बने विवादित सामुदायिक भवन पर मंगलवार को प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई करते हुए निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
जानकारी के अनुसार हिंदू स्वाभिमान संगठन की प्रदेश अध्यक्ष विश्वदिनी पांडेय ने आरोप लगाया था कि सामुदायिक भवन के नाम पर परिसर में चर्च का निर्माण किया जा रहा है। इस संबंध में शासन-प्रशासन को शिकायत भी की गई थी। शिकायत की जांच के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए भवन को जमींदोज कर दिया।
कार्रवाई के दौरान सेंट पॉल स्कूल के आसपास की सड़कों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था, ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित न हो। मौके पर अपर कलेक्टर, ADCP सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा और पूरी कार्रवाई प्रशासनिक निगरानी में संपन्न हुई।
शिकायतकर्ताओं का दावा है कि सेंट पॉल ट्रस्ट के पास संबंधित जमीन की लीज वर्ष 2022 में समाप्त हो चुकी थी। इसके बावजूद परिसर में निर्माण कार्य जारी था। आरोप यह भी लगाया गया कि निर्माण के लिए आवश्यक अनुमति नहीं ली गई थी और नगर निगम को भी इसकी जानकारी नहीं दी गई थी।
इस मामले में विश्वदिनी पांडेय ने कहा कि स्कूल परिसर शैक्षणिक गतिविधियों के लिए है, जबकि वहां सामुदायिक भवन की आड़ में धार्मिक निर्माण किया जा रहा था। शिकायत के बाद प्रशासन ने जांच की और नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की गई।
उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में राज्य सरकार विभिन्न सामाजिक और भूमि विवादों से जुड़े मामलों में सक्रिय रुख अपनाती दिखाई दे रही है। प्रशासन का कहना है कि नियमों के विरुद्ध किसी भी प्रकार के निर्माण पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।


