कांकेर, 23 जून 2026

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के आमाटोला जंगल में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों का एक खुफिया डंप बरामद किया गया, जिसमें हथियारों सहित बड़ी मात्रा में नक्सली सामग्री छिपाकर रखी गई थी।

यह कार्रवाई कांकेर पुलिस, बीएसएफ और बम निरोधक दस्ता (BDS) की संयुक्त टीम द्वारा की गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मंगलवार को आमाटोला के जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों को संदिग्ध गतिविधि के संकेत मिले।

जांच करने पर सुरक्षाबलों को नक्सलियों का विस्फोटक डंप मिला, जहां से कई महत्वपूर्ण सामग्री बरामद की गई। बरामद सामान में 4 भरमार बंदूक, 2 वायरलेस सेट, 1 रेडियो, 1 नक्सली वर्दी, 2 पाउच, 1 चार्जर, 1 बैटरी तथा नक्सली साहित्य और अन्य सामग्री शामिल है।

सुरक्षाबलों ने सभी सामान को सुरक्षित तरीके से जब्त कर जंगल से बाहर निकाला। अभियान पूरा होने के बाद सभी जवान सुरक्षित अपने कैंप लौट आए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह बरामदगी नक्सलियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता है। सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि जिले के दूरस्थ और संवेदनशील इलाकों में संयुक्त सर्च अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts