रायपुर, 27 जून 2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 जेसीबी मशीन और 3 ट्रैक्टर जब्त किए हैं।

कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन के निर्देश पर जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने देवराजपारा-सधवानी, बंधी-बचरवार और सिलपहरी क्षेत्रों में कार्रवाई की। जांच के दौरान मुरूम, मिट्टी के अवैध उत्खनन और रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त वाहनों को जब्त कर पुलिस लाइन अमरपुर में सुरक्षित रखा गया।

बताया गया कि सधवानी गांव के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और कलेक्टर कार्यालय में अवैध उत्खनन की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद खनिज विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन ने स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को नियमित निगरानी और शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

खनिज विभाग के अनुसार जब्त वाहनों के मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। नियमानुसार अर्थदंड और समझौता राशि जमा कराने के बाद ही वाहनों को छोड़ा जाएगा।

इस कार्रवाई में सहायक खनिज अधिकारी आदित्य मानकर, खनिज निरीक्षक सुजीत कंवर, खनिज सिपाही शिवकुमार लहरे और नगर सैनिक सतीश साहू सहित जिला खनिज उड़नदस्ता दल की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts