एंटरटेनमेंट डेस्क, 27 जून 2026
शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना की रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ‘कॉकटेल 2’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के आठ दिनों बाद भी फिल्म की कमाई की रफ्तार बरकरार है। इस बीच अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर ‘वेलकम टू द जंगल’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है, लेकिन इसका असर ‘कॉकटेल 2’ की कमाई पर खास देखने को नहीं मिला।
Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी ‘कॉकटेल 2’ ने रिलीज के 8 दिनों में दुनियाभर में 114.67 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। अकेले आठवें दिन फिल्म ने 5.72 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया।
विदेशों में भी फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। नॉर्थ अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, मिडिल ईस्ट और ऑस्ट्रेलिया जैसे बाजारों में फिल्म मजबूत कमाई कर रही है। ओवरसीज मार्केट में अब तक फिल्म की कमाई 25.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, जबकि आठवें दिन विदेशों से करीब 62 लाख रुपये का कारोबार हुआ।
भारतीय बॉक्स ऑफिस की बात करें तो फिल्म का नेट कलेक्शन 74.75 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 89.17 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। लगभग 150 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म अब अपना बजट निकालने से करीब 35.33 करोड़ रुपये दूर है।
फिल्म की लगातार मजबूत कमाई से साफ है कि दर्शकों के बीच ‘कॉकटेल 2’ की लोकप्रियता बनी हुई है। अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि आने वाले दिनों में फिल्म कितनी जल्दी अपने बजट की भरपाई कर पाती है।


