रायपुर, 16 जुलाई 2026
दुर्ग-रायपुर हाईवे पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कूटी पर सवार पांच लोग दुर्ग से रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कूटी सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि दो महिलाओं और दो युवतियों समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक वर्षीय मासूम बच्चा घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मासूम को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों और अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है।


