पुरी, 16 जुलाई 2026

विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा 2026 का शुभारंभ गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के बीच हुआ। भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा अपने-अपने भव्य रथों पर सवार होकर गुंडिचा मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे। यह पवित्र यात्रा 27 जुलाई को नीलाद्री बीजे के साथ संपन्न होगी।

रथ यात्रा से पहले ‘पहांडी’ रस्म के तहत भगवान बलभद्र को मंदिर से बाहर लाया गया। इसके बाद अन्य देव विग्रहों को भी परंपरागत विधि-विधान के अनुसार रथों पर विराजमान कराया गया। मंदिर परिसर में सुबह से ही वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम जारी रहा।

भारी बारिश के बावजूद पुरी में श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ के दर्शन और रथ यात्रा में शामिल होने पहुंचे हैं।

रथ यात्रा के लिए नंदीघोष, तालध्वज और दर्पदलन (देवदलन) रथों को श्री जगन्नाथ मंदिर के सिंहद्वार पर सजाकर तैयार किया गया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार तीनों रथों पर स्थापित ध्वज देवता यात्रा के दौरान भगवान की रक्षा करते हैं।

इस अवसर पर प्रसिद्ध गायक सोनू निगम भी पुरी पहुंचे। उन्होंने कहा कि पहली बार रथ यात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने का अवसर मिला है और यह अनुभव जीवनभर याद रहेगा। वहीं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी रथ यात्रा से पहले जगद्गुरु शंकराचार्य से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts