26 मई 2026 | मुंबई

IPL 2026 में पंजाब किंग्स के प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने के बाद टीम कप्तान श्रेयस अय्यर की बहन श्रेष्ठा अय्यर का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर फिर वायरल हो गया है। वीडियो को लेकर लगातार हो रही ट्रोलिंग के बीच पेशे से डांसर और कोरियोग्राफर श्रेष्ठा अय्यर ने अब खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि एक मजाकिया वीडियो को गलत तरीके से पेश किया गया और अब लोग उन्हें बेवजह निशाना बना रहे हैं। श्रेष्ठा ने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनकी टीम, स्टूडेंट्स और कार्यस्थल से जुड़े लोगों तक को परेशान कर रहे हैं।

क्या था वायरल वीडियो का पूरा मामला?

दरअसल, कोलकाता में पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला गया मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था, जिसके बाद दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला था। इसके बाद श्रेष्ठा अय्यर ने अपनी टीम के साथ एक डांस वीडियो शेयर किया था, जिसमें उन्होंने कहा था— “साडे पंजाबियां दा दिल वड्डा हुंदा ए, लो दित्ता एक पॉइंट।” यह वीडियो सोशल media पर तेजी से वायरल हो गया। बाद में जब पंजाब किंग्स टॉप-4 से बाहर होकर प्लेऑफ की रेस से बाहर हुई, तब कई फैंस ने उसी वीडियो को लेकर उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया।

‘यह सिर्फ मजाक था, किसी के खिलाफ नहीं’

श्रेष्ठा अय्यर ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में कहा कि उनके वीडियो के पीछे किसी टीम या खिलाड़ी के प्रति कोई गलत भावना नहीं थी। उन्होंने कहा कि वह सिर्फ अपने भाई और उसकी टीम का समर्थन कर रही थीं। श्रेष्ठा ने कहा कि वह सभी क्रिकेटरों का सम्मान करती हैं और सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही नफरत बेवजह है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग उनके कमेंट सेक्शन में अभद्र टिप्पणियां कर रहे हैं, जबकि कुछ उनकी टीम और स्टूडेंट्स को फोन कर परेशान कर रहे हैं।

प्लेऑफ से बाहर होने के बाद बढ़ी ट्रोलिंग

IPL 2026 में पंजाब किंग्स ने शानदार शुरुआत की थी और शुरुआती सात मैचों में टीम को हार का सामना नहीं करना पड़ा था। हालांकि बाद के मुकाबलों में टीम लगातार लय खोती गई और अंततः प्लेऑफ में जगह बनाने से चूक गई। इसके बाद सोशल मीडिया पर श्रेष्ठा अय्यर का पुराना वीडियो फिर वायरल हो गया और ट्रोलिंग का सिलसिला तेज हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts