रायपुर, 16 जुलाई 2026

कभी नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में पहचाने जाने वाला सुकमा अब खेल और युवा प्रतिभाओं के दम पर नई पहचान बना रहा है। जिले की होनहार खिलाड़ी शैली गुप्ता ने नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय मत्सोगी-डो चैंपियनशिप में 49 किलोग्राम सीनियर महिला वर्ग का स्वर्ण पदक जीतकर भारत, छत्तीसगढ़ और सुकमा का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया है।

24 से 26 जून तक आयोजित इस प्रतियोगिता में नेपाल, भूटान और बांग्लादेश के खिलाड़ियों के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए शैली गुप्ता ने फाइनल मुकाबले में एकतरफा जीत दर्ज की। उनकी इस उपलब्धि पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव तथा सुकमा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

राज्य सरकार द्वारा सुकमा में खेल अधोसंरचना के विकास, खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में भागीदारी के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगा है। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद जिले के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय सफलता के बाद शैली गुप्ता ने अपने माता-पिता के साथ सुकमा कलेक्टर अमित कुमार से मुलाकात की। कलेक्टर ने उन्हें सम्मानित करते हुए उच्च शिक्षा और भविष्य की खेल यात्रा में प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

शैली गुप्ता का यह स्वर्ण पदक केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि बदलते सुकमा की नई पहचान का प्रतीक भी है। यह सफलता जिले के युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी। राज्य सरकार ने शिक्षा, खेल और युवा विकास के क्षेत्र में प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और वैश्विक मंच तक पहुंचाने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts